ऐप पर पढ़ें
Delhi Rainfall Alert: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार रात को दिल्ली के अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश हुई जिसके बाद से मौसम सुहाना बना हुआ है। शनिवार को भी दोपहर एवं शाम के समय दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इस बारिश के चलते राजधानी के अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में कमी देखने को मिली है। अधिकतम तापमान में जहां लगभग 4 डिग्री की कमी आई है तो वहीं न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की कमी दर्ज की गई है। रविवार को भी दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार देर रात राजधानी के कई इलाकों में बारिश हुई। दिल्ली की मानक वैद्यशाला सफदरजंग में 11 एमएम बारिश दर्ज की गई। दिल्ली के कुछ इलाकों में 15 से 20 एमएम तक भी बारिश दर्ज की गई। इस बारिश के चलते शनिवार सुबह से ही मौसम सुहाना बना रहा।दोपहर के समय भी आसमान में बादल छाये रहे। 10 से 16 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलती रही। इसके साथ ही दोपहर के समय कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इस बारिश का बड़ा असर राजधानी के तापमान पर भी देखने को मिला। इस बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत शनिवार को दी।
शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया जो शुक्रवार को 36.4 डिग्री रहा था। इसी तरह शनिवार को न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया जो शुक्रवार को 26.4 डिग्री दर्ज किया गया था। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। रविवार को भी दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिन दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
बारिश के साथ ही हवा भी हुई साफ
राजधानी में हुई बारिश एवं सड़कों से गाड़ियों के हटने का बड़ा असर प्रदूषण पर देखने को मिला है। राजधानी में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 53 दर्ज किया गया जो संतोषजनक माना जाता है। दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 50 से नीचे दर्ज किया गया। दिल्ली में सबसे अधिक प्रदूषित क्षेत्र बुराड़ी क्रासिंग रहा जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 122 दर्ज किया गया। वहीं न्यू मोती बाग में सबसे कम प्रदूषण रहा।यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 22 रहा। अगले दो दिन वायु प्रदूषण के संतोषजनक श्रेणी में रहने की संभावना है।